प्लेन से तीर्थ कराने वाला MP देश का पहला राज्य:कुछ देर में भोपाल से प्रयागराज के लिए उड़ान भरेंगे 32 बुजुर्ग
भोपाल
बुजुर्गों को प्लेन से तीर्थ यात्रा कराने वाला मध्यप्रदेश आज देश का पहला राज्य बन जाएगा। चुनावी साल में शिवराज सरकार का यह मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। भोपाल से प्रयागराज के लिए कुछ देर में 32 बुजुर्ग उड़ान भरेंगे। वे सोमवार शाम प्रयागराज से दर्शन कर प्लेन से ही लौटेंगे। रविवार सुबह पौने 10 बजे CM शिवराज सिंह चौहान बुजुर्गों को रवाना करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा, अगली फ्लाइट में जोड़े से बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। CM ने बुजुर्गों से कहा, राम की कृपा से आप तीर्थों के दर्शन करेंगे और हमें व प्रदेश को आपका आशीर्वाद मिलेगा।
तीर्थ यात्रा में कुल 24 पुरुष और 8 महिला बुजुर्ग शामिल हैं। उनके साथ एक अनुरक्षक (एस्कॉर्ट) भी है। तीर्थ यात्रियों की मदद के लिए भोपाल एयरपोर्ट पर एक काउंटर भी बनाया गया है। रेल मार्ग से तीर्थ-यात्रियों को प्रयागराज के तीर्थ दर्शन करने में 4 से 5 दिन का समय लगता था। हवाई यात्रा से यह सफर 24 से 36 घंटे में पूरा हो जाएगा। निजी खर्च पर भोपाल से प्रयागराज की यात्रा की जाए, तो करीब साढ़े 3 हजार रुपए खर्च होंगे। दोनों तरफ से 7 हजार रुपए खर्च होते हैं।